देहरादून। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता ही जा रहा है। जिसके चलते अब उत्तराखंड के ऋषिकेश में होटल ताज में 76 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिसके बाद जिला प्रशासन द्वारा तीन दिन के लिए होटल बंद कर दिया गया है। वहीं टिहरी-गढ़वाल एसएसपी ने बताया कि होटल को सैनिटाइज करके एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया।
बता दें कि ऋषिकेश में बदरीनाथ राजमार्ग स्थित सिंगटाली के समीप ताज होटल में बीते शनिवार को 25 अन्य कर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। जिसके बाद अब तक इस होटल में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है। साथ ही फकोट ब्लॉक के स्वास्थ्य प्रभारी डॉ. जगदीशचंद जोशी ने बताया कि बीते 25 मार्च को होटल कर्मीयों का आरटीपीसीआर सैंपल लिया गया था। जिसकी रिपोर्ट शनिवार को आई। जिसमें 25 होटल कर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। जिसके बाद कोरोना संक्रमितों की लगातार संख्या बढ़ती जा रही है।
उल्लेखनीय है कि राज्य में एक्टिव केस की संख्या 1600 पार हो गई है। प्रदेश में सैंपल जांच में कमी आई है। मैदानी जिले देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल के साथ ही कोरोना संक्रमण पहाड़ों में बढ़ रहा है। लंबे समय बाद टिहरी जिले में 54 और पौड़ी जिले में 17 कोरोना संक्रमित मामले मिले हैं।

0 Comments