देहरादून। बीते कल यानी सोमवार रात यमुनोत्री हाईवे पर अचानक चट्टान खिसक गई। जिसके चलते हाईवे पर बड़ी मात्रा में बोल्डर और मलबा आ गया और हाईवे कई घंटे बंद रहा। जिसके बाद टीम ने मशीनें लगाकर मलबा हटाया तब जाकर सुबह करीब दस बजे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई।आपको बता दें कि यमुनोत्री हाईवे पर आलवेदर रोड चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसके चलते यहां कई जगह पर लगातार भूस्खलन हो रहा है। सोमवार देर रात को भी खरादी के पास मलवा और बोल्डर आने से बंद हो गया था।
वहीं लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग खंड ने बदरीनाथ हाईवे पर तोताघाटी से कौड़ियाला के बीच परेशानी का कारण बनी चट्टानों को हटा दिया है। जिसके चलते यहां एक अप्रैल से यातायात बहाल होने की उम्मीद है। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर कौड़ियाला से तोताघाटी के बीच लगभग पांच किलोमीटर पैच पीडब्लूडी सहित पहाड़वासियों के मुसीबत बना हुआ है। यहां कटिंग करते पीडब्लूडी को एक साल से अधिक समय हो गया, लेकिन अभी तक मार्ग की स्थिति नहीं सुधरी। जबकि मार्च 2020 से कटिंग और सुधारीकरण के लिए पीडब्लूडी कई बार तोताघाटी क्षेत्र में क्लोजर (यातायात बंदी) ले चुकी है।
लंबे इंतजार के बाद हाईवे खुला, लेकिन मलबा आने की वजह से बार-बार बंद होता रहता है। जिसके चलते मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने पिछले दिनों आयोजित वीडियो कांफ्रेंसिंग में 31 मार्च तक बदरीनाथ हाईवे को दुरुस्त करने के आदेश दिए थे। इसके बाद जिला प्रशासन ने पीडब्लूडी को एक बार फिर 15 से 31 मार्च तक क्लोजर की अनुमति दे दी।
साथ ही पीडब्लूडी एनएच खंड के सहायक अभियंता वीएन द्विवेदी ने बताया कि सड़क सुधारीकरण के लिए यातायात बंदी ली गई थी। सड़क का सुधारीकरण कार्य लगभग निपट चुका है। सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए पुश्ते लगाए जाएंगे। दो दिन होली के चलते अवकाश रहेगा। 30 से पुन: काम शुरू हो जाएगा और एक अप्रैल से यातायात बहाल हो जाएगा।

0 Comments