देहरादून। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का संक्रमण और खौफ देश में एक बार फिर बढ़ गया है। जिसके चलते अब सभी राज्यों ने फिर से सख्ती बढ़ाना शुरू कर दिया है, वहीं कई राज्यों में नाईट कर्फ्यू और संडे लॉकडाउन की लग गया है। वहीं उत्तराखंड के नैनीताल में पर्यटक स्थलों पर सन्नाटा दिखने लगा है। बीते बुधवार तक सैलानियों से गुलजार नैनीताल और इसके आसपास के पिकनिक स्पॉट गुरुवार को वीरान और सुनसान नजर आए। हालत ये थी कि नैनीताल की माल रोड और सैलानियों से ठसाठस भरी रहने वाले बाजारों में दिन में ही सन्नाटा पसरा रहा।
गौरतलब है कि, राज्य में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अप्रैल महीने में खचाखच भरा रहने वाला क्षेत्र पंत पार्क गुरुवार शाम 4:20 बजे सुनसान मिला। शाम 4:30 बजे ही मालरोड भी सुनसान दिखाई दी। ये वही मालरोड है जहां सीजन में दोपहर बाद सैलानियों की भीड़ के चलते पैर रखने की भी जगह नहीं होती थी। भीमताल, सातताल और नौकुचियाताल में भी सुनसान छाई रही।
चिड़ियाघर में मंगलवार को 450 सैलानी पहुंचे थे जबकि बुधवार को यह संख्या घटकर 350 रह गई। खुर्पाताल स्थित वाटरफॉल में बुधवार को 350 सैलानी पहुंचे जबकि गुरुवार को यह संख्या 309 में जा सिमटी। यही हाल केव गार्डन, रोपवे, हनुमान गढ़ी आदि का है। साथ ही होटल व्यवसायी राजकुमार गुप्ता ने कहा कि, कोरोना के बढ़ते प्रभाव के कारण अप्रैल की 40 फीसदी एडवांस बुकिंग रद्द हो चुकी है। मई जून की बुकिंग भी लगातार रद्द हो रही हैं।

0 Comments