नई दिल्ली। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस की जंग में अब भारत एकजुट होता जा रहा है। जिसके चलते अब इस जंग में देश का साथ देने के लिए अनुष्का-विराट भी जुड़ गए है। भारतीय कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में लोगों की मदद से आगे आए हैं। आपको बता दें कि, दोनों ने इस जंग में अपना दो करोड़ रुपये का योगदान दिया है। जिसके चलते अब उनका लक्ष्य सात करोड़ रुपये जुटाने का है। ये दोनों आम जनता से धन जुटाने वाली संस्था केटो के जरिये यह धनराशि इकट्ठा कर रहे हैं।
ट्विटर से दी जानकारी
इस बात की जानकारी विराट कोहली ने ट्विटर पर दी है। कोहली और अनुष्का की तरफ से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘विराट कोहली और बॉलीवुड सुपरस्टार अनुष्का शर्मा का भारत में कोविड राहत कोष के लिये सात करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य है।’’ इसमें कहा गया है, ‘‘वे लोगों से धन जुटाने वाले मंच (क्राउड फंडिंग प्लेटफार्म) केटो के जरिये एक अभियान शुरू कर रहे हैं और उन्होंने अपनी तरह से दो करोड़ रुपये दान किये हैं।’’
विराट कोहली की अपील
कोहली ने कहा कि, ‘‘हमारा देश इस समय मुश्किल दौर से गुजर रहा है। हमारे देश को अभी हम सभी के एकजुट होने और अधिक से अधिक लोगों की जान बचाने की जरूरत है। मैं और अनुष्का पिछले एक साल से लोगों की पीड़ा देखकर आहत हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम अधिक से अधिक लोगों की मदद करने की दिशा में काम कर रहे हैं। भारत को अभी हमारी सबसे अधिक सहायता की जरूरत है। हमने इस विश्वास के साथ धन जुटाने का बीड़ा उठाया है हम जरूरतमंद लोगों के लिये पर्याप्त धन जुटा सके. हमें विश्वास है कि लोग अपने देशवासियों की मदद के लिये आगे आएंगे। हम एकजुट हैं और हम इससे पार पाने में सफल रहेंगे।’’

0 Comments