भोपाल। एक ओर जहां देश और पूरी दुनियां वायरस के खिलाफ जंग लग रही है वहीं दूसरी ओर एमपी में नक्सलियों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। जिसके चलते अब मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आपको बता दें कि, बालाघाट पुलिस ने 1,2 नहीं बल्कि 5 करोड़ के नकली नोट बरामद किए है। इसके अलावा पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस सक्सेसफुल ऑपरेशन में सिर्फ बालाघाट पुलिस ही शामिल नहीं है बल्कि बालाघाट पुलिस ने यह ऑपरेशन महाराष्ट्र के गोंदिया जिले की पुलिस के साथ चलाया।
बताया जा रहा है कि, पकड़े गए आरोपियों में से 2 गोंदिया के ही हैं। माना जा रहा है कि ये नकली नोट नक्सलियों तक भी पहुंचाए जाते थे। साथ ही पुलिस अधीक्षक (SP) अभिषेक तिवारी ने बताया कि बरामद नकली नोट में 2 हजार से लेकर 10 रुपये तक के नोट हैं। पकड़ाए गए आरोपियों में 6 बालाघाट और 2 गोंदिया के निवासी हैं। नोटों के कागज की क्वालिटी और नोट में प्रिंटिंग मिस्टेक के कारण नोट साफ फर्जी नजर आ रहे हैं। इस मामले में पुलिस को और संदेहियों का पता चला है, जिसकी जांच हो रही है।
पुलिस ने बताया कि, पुलिस को पिछले कई समय से नकली नोटों की शिकायतें मिल रही थीं। जानकारी मिली थी कि कोई बड़ा गिरोह बाजार में नकली नोट खपा रहा है। ये गिरोह बालाघाट और महाराष्ट्र के गोंदिया सहित अनेक जगहों पर सक्रिय था और यहीं के बाजारों को निशाना बना रहा था। इसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस ने प्लान बनाया और छापा मारा। यह छापा सफल हुआ और छापे के दौरान 6 आरोपी बालाघाट के और 2 गोंदिया से मिले। पुलिस ने बताया कि, इन आरोपियों के पास से उस वक्त 5 करोड़ के नकली नोट बरामद किए गए थे।
साथ ही अब इस कार्यवाही को पुलिस और आगे बढ़ा रही है। पुलिस के मुताबिक, इससे जुड़े अन्य लोगों को भी जल्द हिरासत में लिया जाएगा। इतना ही नहीं बल्कि इस घटना का नक्सली कनेक्शन भी सामने आ रहा है। जानकारी के अनुसार, शायद नक्सलियों तक भी यह नकली नोट पहुंचे होंगे। पकड़े गए आरोपियों में राहुल मेश्राम ,अनंतराम हरिराम ,नन्हू लाल विश्वकर्मा, सोहनलाल बिसेन, हेमंत उके, मुकुरु उर्फ मुकेश तवाड़े राम और रामेश्वर मौजे शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, इसी साल मार्च में पुलिस ने बैहर थाने क्षेत्र के बम्हनी चौराहे पर चार लोगों को करीब 5 लाख के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया था। साथ ही SP का कहना है कि इस मामले का 5 करोड़ की नकली नोट के मामले से लिंक हो सकता है। इस संबंध में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। SP ने आशंका जताई कि दोनों मामलों में नकली नोटों का सप्लायर एक ही सरगना या गिरोह हो सकता है।

0 Comments