भोपाल। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के इस दौर में अब संक्रमण का खतरा धीरे-धीरे घटने लगा है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि, कोरोना से हमारा पीछा छूट गया है। हमें अभी भी कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आगे बढ़ना होगा। वहीं संक्रमण जब उफान पर था तब कई राज्यों में राज्य सरकार द्वारा पाबंदियां लगा दी गई थी जिसके बाद अब घटते संक्रमण को देखते हुए कई राज्य सरकार यह पाबंदियां हटानी लगी है। वहीं, मध्यप्रदेश में भी अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके साथ ही वीकेंड लॉकडाउन शुरू हो गया है।
क्या है वीकेंड लॉकडाउन
वीकेंड लॉकडाउन यानी सप्ताह में 5 दिन पाबंदियों पर छूट रहेगी और 2 दिन लॉकडाउन का पालन किया जाएगा। सिर्फ मेडिकल सर्विस को छूट दी गई है। बेवजह घूमने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सुबह केवल दूध पार्लर और अखबार बांटने वाले हॉकर्स को रियायत दी गई है।
वीकेंड लॉकडाउन के दौरान इन्हें मिलेगी रियायत
-भोपाल में दो दिनों में दूध डेयरी सुबह 6 बजे से 9 बजे तक और सब्जियां ठेले पर बेचने की अनुमति रहेगी। केमिस्ट, स्वास्थ्य सेवाओं को भी अनुमति रहेगी।
-शादियों में 20 लोग, मंदिरों में 4 लोग और अंत्येष्टि में 10 लोग शामिल हो सकेंगे।
-आवश्यक वस्तुओं के परिवहन, औद्योगिक इकाइयों के श्रमिकों कच्चे माल और उत्पाद के परिवहन को अनुमति रहेगी।
-एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन आने-जाने और प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल होने के लिए छूट रहेगी।
-कोरोना कर्फ्यू में वैक्सीनेशन में शामिल अधिकारियों, कर्मचारियों व वैक्सीनेशन कराने वाले आ-जा सकेंगे।
इन शहरों में जनता कर्फ्यू
वहीं अगर बात की जाए राजधानी भोपाल की तो भोपाल में शुक्रवार रात 8 बजे से जनता कर्फ्यू शुरू हो गया। यह सोमवार सुबह 6 बजे तक लॉक रहेगा। साथ ही मिनी मुंबई कहें जाने वाले इंदौर शहर में भी शाम 5 बजे से लॉक किया गया है। इसके अलावा होशंगाबाद में भी शुक्रवार रात 10 बजे से जनता कर्फ्यू लगा दिया गया और ग्वालियर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, रीवा, खंडवा और गुना समेत कई जगह शनिवार रात 10 बजे से जनता कर्फ्यू शुरू हो गया, जो सोमवार सुबह 6 बजे तक रहेगा।
प्रदेश की हालत में सुधार
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस को लेकर मध्य प्रदेश में हालात लगातार सुधर रहे हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में कोरोना के 846 नए केस सामने आए हैं। जबकि, 3746 मरीज स्वस्थ हुए हैं। इसके बाद एमपी में अब कुल 14186 एक्टिव केस बचे हैं। प्रदेश की साप्ताहिक औसत पॉजिटिविटी दर 1.7% और आज की पॉजिटिविटी दर 1.1% है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, प्रदेश के 3 जिलों अलीराजपुर, झाबुआ और कटनी में कोरोना का कोई नया केस नहीं आया है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि, चार जिलों भिंड, मंडला, सिंगरौली और टीकमगढ़ में केवल एक-एक नए केस मिला है। प्रदेश के 3 जिलों इंदौर, भोपाल तथा जबलपुर में ही कोरोना के 20 से अधिक नए केस आए हैं। इंदौर में 287, भोपाल में 183, जबलपुर में 71 केस आए हैं।
पॉजिटिविटी रेट
प्रदेश के 30 जिलों में कोरोना की साप्ताहिक औसत पॉजिटिविटी 1% से कम है। 22 जिलों में साप्ताहिक औसत पॉजिटिविटी दर 1% से 5% तक है. सभी 52 जिलों की साप्ताहिक औसत पॉजिटिविटी दर 5% से कम है। इंदौर की साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर 4.9%, भोपाल की 3.8%, जबलपुर की 1.8%, ग्वालियर की 1.4% तथा रतलाम की साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर 2.1% है।

0 Comments