नई दिल्ली। मशहूर शायर मुनव्वर राना की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही थीं। हाल ही में उनके बयान के ऊपर बवाल हुआ था जिसके बाद अब उनके बेटा गिरफ्तार हो गया। मिली जानकारी के मुताबिक तबरेज राना पर अपने ऊपर फायरिंग करवाने के संबंध में थाना कोतवाली, रायबरेली में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 364/21 से संबंधित वांछित अभियुक्त तबरेज राना को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक तबरेज को लखनऊ वाले घर से गिरफ्तार किया गया है और रायबरेली पुलिस ने तबरेज को लखनऊ के लालकुआं से गिरफ्तार किया है।
बता दें कि तबरेज पर खुद पर फायरिंग करवाने का आरोप है। मुनव्वर राना का परिवार पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध कर रहा था, लेकिन इसके कुछ ही घंटे बाद रायबरेली पुलिस ने तबरेज राना पर हुए हमले का खुलासा कर दिया। वहीं यह खुलासा भी चौंकाने वाला था। साथ ही रायबरेली पुलिस ने बताया कि मुनव्वर राना के बेटे तबरेज पर 28 जून को रायबरेली शहर कोतवाली इलाके में शाम 5:30 बजे फायरिंग हुई थी।
इस घटना में शामिल 2 शूटर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए हलीम, सुल्तान, सत्येंद्र तिवारी और शुभम सरकार ने पूछताछ में कुबूल किया है कि ये गोलीकांड खुद तबरेज राना ने कराया था। वहीं रायबरेली के पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया था कि सीसीटीवी में पूरा मामला कैद हुआ है कि कैसे तबरेज रायबरेली के पेट्रोल पंप पर पहुंचता है, गाड़ी पेट्रोल पंप के बाहर ही खड़ा करता है। खुद भी गाड़ी में बैठा रहता है। कुछ देर बाद 2-3 शूटर वहां पहुंचते हैं। गाड़ी का मुआयना कर पेट्रोल पंप के गेट पर फायरिंग करते हैं और वहां से भाग जाते हैं।

0 Comments